Latest News

आज खुलेंगे बदरीनाथ के कपाट, जानिए पूरा कार्यक्रम


बदरीनाथ धाम के कपाट आज ब्रह्ममुहूर्त में तड़के पांच बजकर 15 मिनट पर आम श्रद्धालुओं दर्शनार्थ खुल जाएंगे। कपाटोद्घाटन के शुभ मौके पर अखंड ज्योति के दर्शन के लिए देश-विदेश से शनिवार देर शाम तक करीब चार हजार तीर्थयात्री धाम पहुंच चुके हैं।

मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पर्यटन मंत्री दिनेश धनै, बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी और बीकेटीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी बदरीनाथ पहुंच गए हैं।

बदरीनाथ में मौसम सुहावना बना हुआ है। गढ़वाल आयुक्त चंद्र सिंह नपल्च्याल और पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल ने धाम में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंदिर को गेंदे के फूलों से सजाया गया है। शाम ढलते ही मंदिर परिसर एलईडी लाइट की दूधिया रोशनी से जगमगाने लगा है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्यधिकारी बीडी सिंह ने बताया कि पूजा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बदरीनाथ धाम में रविवार को कपाट खुलने पर 15 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री हरीश रावत भी बदरीनाथ पहुंचकर सड़क के कारण यात्रा को किसी तरह से प्रभावित न होने देने का इरादा जाहिर किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ का दर्शन कर भी कई लोग बदरीनाथ पहुंचे हैं।

बदरीनाथ पहुंचकर मुख्यमंत्री ने धाम में यात्रा की तैयारी का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के बाद यात्रा की तैयारी पर संतोष जताया। उन्होने अधिकारियों को पाडुकेश्वर से लेकर बदरीनाथ तक मार्ग पर और अधिक एसडीआरएफ के जवान तैनात करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एसडीआरएफ की भूमिका का और विस्तार किया जाएगा। बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के मुताबिक बद्रीनाथ के कपाट खुलने पर लगभग 15 हजार श्रद्धालुओ के पहुंचने की उम्मीद है। विधान सभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै, विधायक राजेंद्र भंडारी, मयूख महर आदि भी बदरीनाथ पहुंच गए हैं।

सुबह 5 बजकर 15 मिनट पर -- बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।
सुबह नौ बजे से एक बजे तक -- बदरीनाथ की महाभिषेक पूजा
अपराह्न तीन बजे -- बदरीनाथ भगवान का भोग लगेगा
दोपहर एक बजे से आठ बजे रात्रि तक -- तीर्थयात्री दर्शन करेंगे
रात्रि नौ बजे -- बदरीनाथ की शयन आरती होगी।

यात्रियों को रेनकोट ले जाने की सलाह
दो दिनों तक चारधाम यात्रा से जुड़े मार्गों पर मौसम को लेकर मौसम विभाग की ओर से कहीं भी चेतावनी जारी नहीं की गई है। एहतियात के तौर पर श्रद्धालुओं से अपने साथ रेनकोट, छाता, जैकेट ले जाने की सलाह दी गई है।

चारों धाम से जुड़े क्षेत्रों में लगातार मौसम खराब चल रहा है। लेकिन मौसम विभाग ने चारधाम का जो अपडेट शनिवार को जारी किया, उसमें साफ किया है कि फिलहाल दो दिन सुकून रहेगा। बदरीनाथ और हेमकुंड में रविवार को हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन कोई चेतावनी नहीं है। केदारनाथ में हल्के बादल छाए रहेंगे, साथ ही बूंदाबांदी हो सकती है। गंगोत्री-यमुनोत्री में भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।

No comments:

Post a Comment

Uttarakhand Hindi News Designed by Templateism.com Copyright © 2014

Theme images by Bim. Powered by Blogger.