Latest News

दून में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत

देहरादून: रिफाइनरी से तेल की सप्लाई न हो पाने के कारण देहरादून के अधिकांश पेट्रोल पंप सूखे पड़े हैं।  पिछले एक-दो दिनों से दून में तेल की समस्या प्रतीत हो रही है, जबकि बुधवार को तेल का संकट गहराता नजर आया। शहर के कुछ गिने-चुने पंपों पर ही तेल उपलब्ध था, जिसके चलते पंपों पर पेट्रोल भरवाने वालों का तांता लगा रहा।


दूनवासियों पर पेट्रो पदार्थों के लिहाज से अगले कुछ दिन भारी पड़ सकते हैं। पंप सूखे पड़े हैं और तेल की सप्लाई ठप है, ऐसे में लोगों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम व भारत पेट्रोलियम के पंप तो दो दिन से बमुश्किल ही तेल उपलब्ध करा पाए हैं, वहीं इंडियन आॅयल में लोगों की लगातार भीड़ देखने को मिल रही है। अगले कुछ दिन यही आलम रहने पर तेल संकट और बढ़ सकता है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि देश की 5 बड़ी रिफाइनरी या तो टेक्निकल अपग्रेडेशन की वजह से या फिर मेंटेनेंस के चलते बंद हैं, जिसकी वजह से यह समस्या आ रही है।

गौरतलब है कि फिलहाल देश के कुल 6 राज्यों में डीजल और पेट्रोल की किल्लत हो गई है। जिसमें डीजल और पेट्रोल की किल्लत की खबर उत्तराखंड के देहरादून, हरियाणा के रेवाड़ी, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, मध्य प्रदेश के भोपाल, तेलंगाना के हैदराबाद और कर्नाटक के बेंगलुरु और मंगलौर से आ रही है। हालांकि इंडियन आॅयल के अधिकारियों का कहना है कि इस स्थिति में परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है एक या दो दिन में ही इस किल्लत का समाधान कर लिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर लोग संकट गहराने के भय से बुधवार को ही पर्याप्त तेल भरवाने के प्रयास में जुटे रहे।

No comments:

Post a Comment

Uttarakhand Hindi News Designed by Templateism.com Copyright © 2014

Theme images by Bim. Powered by Blogger.